ओलावृष्टि से खड़ी फसल को नुकसान, विधायक ने अधिकारीयों को दिये खेतो में पहुँचने के निर्देश
सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों बे-मौसम बरसात और वातावरण में हो रहे परिवर्तन का बुरा असर देखने को मिल रहा है। सोमवार-मंगलवार की रात्रि में सिवनी मालवा के अधिकतम इलाकों में लगातार बारिश के साथ साथ आंधी और ओले गिरे। इसके चलते किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। लगातार रिमझिम बारिश के साथ तेज हवा भी देखी गई। ओले इतने बड़े थे की 12 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी खेतों में ओले जस के तस बड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। किसानो की चने और गेहूं की फसल कटने की स्थिति में है, ऐसे में ओलावृष्टि से किसानो को ज्यादा नुकसान होने की आशंका नज़र आ रही है।
बे-मौसम बारिश से बीती रात सिवनी मालवा विधानसभा के दर्जनों गांव में ओले गिरने से खेत में कटी फसल पर असर पड़ा। गेहूं की बालियां टूट कर इधर-उधर बिखर गईं। वही चने की फसल खेतों में आड़ी हो गई है। जिन किसानों फसल कटने पर थी, उनकी फसलों को भी ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। सिवनी मालवा विधानसभा की सिवनी मालवा, शिवपुर, डोलरिया, केसला क्षेत्र में भी ओलों ने कहर बरपा दिया। अचानक बदले मौसम के तेवरों से किसानों के चेहरे का रंग उड़ गया है। क्योंकि ओलावृष्टि से फसलें खराब हो गईं।
ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर आईटी सेंटर में भाजपा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। विधायक ने बैठक में तहसीलदार सहित अधिकारीयों को किसानो के खेतों में पहुँच नुकसान का आंकलन करने के निर्देश भी दिए। विधायक का कहना है कि बीती रात हुई ओलावृष्टि से किसानो को नुकसान हुआ है, जिसके निरिक्षण के लिए विधायक स्वयं तथा अधिकारी भी खेतों में पहुंचेंगे। जिसके बाद इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन और बीमा कम्पनी को भेजी जाएगी। जिससे किसानो को राहत मिल सके।

